
रक्षाबंधन से पहले मप्र के सीएम डॉ मोहन यादव ने दी लाड़ली बहनों को सौगात, सावन की पहली तारीख को खाते में आएंगे 250 रुपए.
भोपाल // मनीष जायसवाल
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में लाड़ली बहनों के लिए एक अहम घोषणा करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन माह में प्रत्येक लाड़ली बहन के खाते में आने वाली एक तारीख को 250 रुपए अंतरित किए जाएंगे। रक्षाबंधन पर जनप्रतिनिधि लाड़ली बहनों से राखी बंधवाएंगे। कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सावन माह का विशेष महत्व है। सावन माह में प्रत्येक लाड़ली बहन के खाते में आने वाली एक तारीख को ढाई सौ रुपए अंतरित किए जाएंगे। यह राशि लाड़ली बहनों के लिए शासन की ओर से प्रतिमाह जारी होने वाली 1250 रुपए की राशि से अलग होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों को प्रतिमाह जारी होने वाले 1250 रुपए पूर्वानुसार उनके खाते में जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जनप्रतिनिधियों से रक्षाबंधन के पर्व पर सावन माह में अपने-अपने क्षेत्र की बहनों से राखी बंधवाने का आह्वान भी किया।
*इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मंत्रालय में हुई बैठक में आईटी नीति में संशोधन समेत कुछ अन्य अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मंत्रिपरिषद द्वारा प्रदेश में आईटी/आईटीईएस ईएसडीएम डाटा सेंटर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए मप्र आईटी, आईटीईएस एवं ईएसडीएम निवेश संवर्धन नीति-2023 में संशोधन करने की स्वीकृति दी है। संशोधन अनुसार पात्र निवेशक इकाइयों को मप्र आईटी, आईटीईएस एवं ईएसडीएम निवेश संवर्धन नीति-2023 का लाभ प्राप्त हो सकेगा। पात्र निवेशक इकाइयों को सिंगल विंडो क्लियरेंस, केपिटल एक्सेपेंडिचर और किराये में सहयोग, सस्ती दरों पर भूमि, स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्ररी में छूट, मार्केटिंग और क्वालिटी कंट्रोल में सहयोग इस नीति के तहत प्राप्त हो सकेगा। नीति के क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नीति का लाभ पात्र इकाइयों को प्रदान किए जाने के लिए कंडिका 17 को संशोधित किया गया हैं।
*मंदसौर जिले में नवीन तहसील को स्वीकृति
मंत्रिपरिषद द्वारा मंदसौर जिले में नवीन तहसील धुंधडका का सृजन किये जाने की स्वीकृति दी हैं। नवीन तहसील धुंधडका में वर्तमान तहसील मंदसौर (ग्रामीण) के कुल 26 पटवारी हल्के समाविष्ट होंगे। वहीं शेष मंदसौर तहसील में तहसील मंदसौर (ग्रामीण) के 35 पटवारी हल्के समाविष्ट होंगे। नवीन तहसील धुंधडका के कुशल संचालन के लिए तहसीलदार का एक, नायब तहसीलदार के 2, सहायक ग्रेड 2 के दो, सहायक ग्रेड 3 के 04, सहायक ग्रेड-3 (प्रवाचक) के 3, जमादार/दफतरी/बस्तावरदार का 1, वाहन चालक का 1, भृत्य के 6 इस प्रकार कुल 20 पद स्वीकृत किए गए हैं।
*उच्च शिक्षा विभाग के लिए साढ़े सात करोड़ रुपये
मंत्रिपरिषद् द्वारा उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित 7 क्षेत्रीय कार्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए अतिरिक्त 91 पद और 7 करोड़ 46 लाख रूपये की स्वीकृति दी गयी हैं। इसमें संसाधन तथा वाहन व्यवस्था सहित योजना पर आने वाले वार्षिक आवर्ती व्यय भार 6 करोड़ 41 लाख रुपये और अनावर्ती व्यय भार 1 करोड़ 5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गयी। प्रदेश मे वर्तमान में 570 शासकीय महाविद्यालय, 909 अशासकीय महविद्यालय, 16 शासकीय विश्वविद्यालय एवं 54 अशासकीय विश्वविद्यालय संचालित हैं। इनके प्रशासकीय नियंत्रण के लिए 07 संभाग मुख्यालयों पर क्षेत्रीय कार्यालय बनाए गए हैं। इनका सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।









