
इटारसी नगर में दुपहिया वाहन स्कूटर या मोटर सायकल चलाने वालों के लिए स्लो ड्रायविंग प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न.
इटारसी //मनीष जायसवाल
इटारसी नगर में दुपहिया वाहन स्कूटर या मोटर सायकल चलाने वालों के लिए स्लो ड्रायविंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन लायंस क्लब इटारसी सुदर्शन के सहयोग से आदर्श संस्था के द्वारा कराया गया।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में सभी युवाओं से लेकर उम्रदराज ने हिस्सा लेकर संयम और संतुलन के साथ प्रदर्शन किया। राजेंद्र राजपूत ने प्रतियोगिता में धीमे दुपहिया चालन का रिकॉर्ड बनाया। बेस्ट टाइमिंग 2:18:21 मिनट में 100 फीट के ट्रैक पर धीमी गति से कुशलता पूर्वक चालन करने पर घोषित किया गया।
शनिवार शाम नाला मोहल्ला क्षेत्र में भी प्रतियोगिता संचालित की गई और रविवार को स्थानीय जयस्तंभ चौक से गुरुद्वारा मार्ग पर संचालन किया गया। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया और प्रतियोगिता के आयोजन के उद्देश्य को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। घोषणा के अनुरूप अब प्रथम विजेता को नगद पुरस्कार 5000 रुपए नगद और विजेता ट्रॉफी सैंकड़ों लोगों की उपस्थित मे एक बड़े आयोजन में प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता के प्रोत्साहन के लिए विशेष रूप से उपस्थित हुए नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि इस तरह का अनूठा आयोजन बहुत सराहनीय है। चौरे ने प्रतिभागियों को कहा कि खेल भावना के साथ आप सभी भाग लेने वालों को शुभकामनाएं और साधुवाद देता हूं।
प्रतिभागियों के उत्साह वर्धन के लिए शनिवार को नाला मोहल्ला क्षेत्र के पार्षदगण कुंदन गौर, शुभम गौर और वार्ड 25 पार्षद नाजिया बेग के पति श्री बेग भी उपस्थित रहे। नूर हक स्कूल संचालक, लायंस क्लब अध्यक्ष लायन विनोद चौरे, लायन रवि अथोत्रा, लायन अयूब खान, लायन अशोक मालवीय, लायन रवींद्र सोनी, लायन मनोज गुप्ता, लायन अजीतसिंह छाबड़ा, आदर्श संस्था के सहयोगियों में अनिल सिंह, प्रह्लाद निकम, डाली चौधरी, संजय मनवारे, वरिष्ठ क्रिकेटर एवं उद्घोषक राकेश पांडेय द्वारा सम्पूर्ण आयोजन का गरिमामय संचालन कराया गया।
विजेता पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 16 मार्च शनिवार संध्या को घोषित किया गया है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागिता कर चुके लोगों को प्रशस्ति भी प्रदान किए जायेंगे।
आइडियल स्पोर्ट्स सोशल कल्चर एसोसिएशन (आदर्श संस्था) अध्यक्ष एवं लायन क्लब के वरिष्ठ सदस्य बी बी आर गांधी ने कहा कि ये प्रतियोगिता शहर में अन्य स्थानों पर भी कराई जाएगी जिससे स्थानीय कॉलोनी आदि में रहने वाली महिलाएं भी भाग ले सकें। तत्समय यातायाम नियमों का पालन करते हुए सही तरीके से वाहन चलाने के लघु प्रशिक्षण देने का भी प्रयास किया जाएगा। जिसमें स्थानीय कार्यपालन अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का सहयोग भी लिया जाएगा।








