
35 वर्ष पूर्ण करने वाले शिक्षकों को मिला चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ,जिला शिक्षा अधिकारी की कार्यकुशलता की मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने की मुक्तकंठ से सराहना.
नर्मदापुरम// मनीष जैसवाल
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के अनुरूप जिले के पात्र शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को 35 वर्ष की नियमित सेवा पूर्ण होने पर चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान के आदेश समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से जारी किए जाने पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, जिला एवं संभागीय इकाई, नर्मदापुरम ने जिला शिक्षा अधिकारी का हार्दिक अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया है।
संघ ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी ने अपनी कार्यकुशलता, गतिशीलता, संवेदनशीलता एवं प्रशासनिक गंभीरता का परिचय देते हुए वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण प्रकरण का त्वरित निराकरण कर सैकड़ों पात्र शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने का सराहनीय कार्य किया है। इस निर्णय से लाभान्वित शिक्षकों में हर्ष, संतोष एवं प्रशासन के प्रति विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है।
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष श्री मालकजी पटेल ने कहा कि यह आदेश केवल वित्तीय लाभ प्रदान करने वाला निर्णय नहीं है, बल्कि शिक्षकों के वर्षों के धैर्य, समर्पण एवं सेवा का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी ने पारदर्शी एवं न्यायसंगत कार्यप्रणाली अपनाकर यह सिद्ध किया है कि इच्छाशक्ति और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से लंबित मामलों का भी शीघ्र निराकरण संभव है।
संभागीय अध्यक्ष श्री के. के. मालवीय (नर्मदापुरम संभाग) ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी का यह निर्णय पूरे संभाग के लिए अनुकरणीय है। इससे शिक्षकों का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। संभागीय सचिव पुरुषोत्तम दुबे ने बताया कि जिले में संदेश गया है कि शिक्षकों के वैधानिक अधिकारों के संरक्षण के प्रति जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री नवीन पटेल एवं जिला सचिव अजीत कुमार भदौरिया ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
संघ के जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि शिक्षक हितों के प्रति जिला शिक्षा अधिकारी का सकारात्मक दृष्टिकोण एवं संवेदनशील कार्यशैली सदैव स्मरणीय रहेगी। संगठन ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी शिक्षकों की लंबित एवं न्यायोचित समस्याओं का निराकरण इसी तत्परता और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिले के समस्त पदाधिकारियों, विकासखंड अध्यक्षों, जिला कार्यकारिणी, संभागीय पदाधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने जिला शिक्षा अधिकारी को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।
महेश कुमार रायकवार प्रधान पाठक पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजगंज इटारसी ने जिला शिक्षा अधिकारी महोदय को धन्यवाद एवं बधाई दी।







