
जीनियस प्लानेट के हॉकी सितारों ने रचा इतिहास राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नर्मदापुरम संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व.
इटारसी/ मनीष जायसवाल
नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जीनियस प्लानेट स्कूल के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने खेल के मैदान पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित आगामी राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए स्कूल के तीन चमकते सितारे — युवराज सिंह राजपूत, हर्ष मालवीय और छवि पटेल — का चयन हुआ है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आगामी 3 अक्टूबर से सिवनी में आयोजित होने जा रही है, जहाँ ये खिलाड़ी नर्मदापुरम संभाग की टीम की ओर से खिताबी चुनौती पेश करेंगे।
डायरेक्टर एवं प्राचार्य ने दीं शुभकामनाएं, बढ़ाया हौसला
छात्रों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जीनियस प्लानेट स्कूल के डायरेक्टर मोहम्मद जाफर सिद्दीकी ने बेहद खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने अपने संदेश में कहा— “यह हमारे विद्यालय के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। हमारे बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति अटूट समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। खेल सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना सिखाता है। हमें पूरा विश्वास है कि सिवनी की धरती पर भी हमारे खिलाड़ी नर्मदापुरम संभाग और अपने स्कूल का परचम शान से लहराएंगे। विद्यालय परिवार इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और जीत के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ा है।”
वहीं विद्यालय की प्राचार्य मनीता सिद्दीकी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा— “बेटे युवराज, हर्ष और हमारी बेटी छवि ने यह साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों और सही मार्गदर्शन मिले तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। एक बेहतर खिलाड़ी वही है जो विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य न खोए। हमें अपने इन तीनों बच्चों पर गर्व है। पूरा स्टाफ और स्कूल के साथी छात्र ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि वे राज्य स्तर पर भी अपनी स्वर्णिम सफलता का सिलसिला जारी रखें।”
इस अवसर पर स्कूल के खेल शिक्षकों (कोच) एवं समस्त स्टाफ ने भी संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीl नगर के खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने भी जीनियस प्लानेट स्कूल के इन होनहारों को इस बड़ी सफलता की बधाई दी है।










