
मध्यप्रदेश शिक्षक चयन परीक्षा वर्ग -2 के अभ्यर्थियों ने पद वृद्धि की मांग को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय नर्मदापुरम में दिया ज्ञापन.
नर्मदापुरम// मनीष जायसवाल
मध्यप्रदेश शिक्षक चयन परीक्षा वर्ग -2 के अभ्यर्थियों ने पद वृद्धि की मांग को लेकर आज जिला कलेक्टर कार्यालय नर्मदापुरम में ज्ञापन ( ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश संयोजक आशीष किरार और अनिल मेहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे। अभ्यर्थियों ने बताया कि वर्तमान में घोषित पदों की संख्या अत्यंत सीमित है, जिससे बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवारों का चयन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रत्येक विषय में कम से कम 3000-3000 पदों की वृद्धि की मांग की है ताकि राज्य के शिक्षित युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें। संयोजक आशीष किरार ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ यह अभियान चलाया गया है, और हर जिले में अभ्यर्थियों द्वारा कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अभ्यर्थियों ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई है, ताकि आगामी भर्ती प्रक्रिया में बढ़े हुए पदों का लाभ सभी पात्र उम्मीदवारों को मिल सके।









