
न्यायालय परिसर इटारसी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस ‘उल्लास—एक अभिनव प्रयोग’ के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत.
इटारसी/ मनीष जायसवाल।
न्यायालय परिसर इटारसी में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रध्वज फहराया गया तथा उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान का गायन किया गया।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश इटारसी माननीय श्री आदित्य रावत, श्रीमती अनीता खजूरिया, श्रीमती आयुषी गुप्ता, श्री यतिन अग्रवाल एवं श्रीमती प्राची कौरव न्यायाधीशगण तथा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री रमेश सिंह राजपूत एवं सचिव श्री पारस जैन सहित न्यायालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर तहसील विधिक सेवा समिति, इटारसी द्वारा आयोजित “उल्लास—एक अभिनव प्रयोग” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 7 अगस्त 2026 को नृत्य प्रतियोगिता, 12 अगस्त 2026 को चित्रकला प्रतियोगिता तथा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त 2026 को गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इन प्रतियोगिताओं में न्यायालय परिवार के बच्चों एवं वयस्क सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नृत्य प्रतियोगिता के विजेता
नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी अवनी वर्मा, द्वितीय स्थान कुमारी तुषिका कल्याणे तथा तृतीय स्थान कुमारी भूमिका विश्वकर्मा ने प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी तनिष्का लुटारे, द्वितीय स्थान कुमारी नव्या रावत तथा तृतीय स्थान कुमारी दिव्यांशी मिश्रा ने प्राप्त किया।
गायन प्रतियोगिता के विजेता
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्री आस्तिक ओझा, द्वितीय स्थान श्री रमेश धूरिया तथा तृतीय स्थान श्री धर्मेंद्र धुर्वे ने प्राप्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान श्री दुर्गेश बामने, अधिवक्ता द्वारा मनमोहक बांसुरी वादन प्रस्तुत किया गया। वहीं मास्टर लविश मेहरा द्वारा शानदार तबला वादन प्रस्तुत कर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया गया। दोनों प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की उपस्थित अतिथियों एवं न्यायालय परिवार के सदस्यों द्वारा सराहना की गई। उनके उत्कृष्ट सहभागिता के लिए उन्हें सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विजेता प्रतिभागियों को उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “उल्लास—एक अभिनव प्रयोग” के माध्यम से न्यायालय परिवार के बच्चों एवं सदस्यों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सकारात्मक एवं रचनात्मक मंच प्राप्त हुआ है। इस प्रकार के आयोजन प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ न्यायालय परिवार में आपसी सौहार्द एवं अपनत्व को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, उत्साह एवं उल्लास से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में तहसील विधिक सेवा समिति इटारसी एवं न्यायालय परिवार के समस्त सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










