
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव ने स्वास्थ्य विभाग की उपस्थिति जांची, बाजार में चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान, नाली में कचरा फेंकने पर ₹500 का चालान
इटारसी// हिंद 7 न्यूज़
इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी की मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री सुरेखा जाटव ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों की सुबह एवं दोपहर की उपस्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पालिका के सफाई मुकदमों एवं सफाईकर्मियों की संयुक्त टीम ने दुकानदारों और व्यापारियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कचरा डस्टबिन में रखें तथा कचरा वाहन आने पर उसी में डालें। साथ ही नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान एक एग्रो दुकान संचालक द्वारा नाली में कचरे की बोरी फेंकते हुए पाए जाने पर नगर पालिका ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ₹500 का चालान किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस दौरान पार्षद राहुल प्रधान भी अभियान में शामिल रहे। उन्होंने व्यापारियों से नगर पालिका के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने का आग्रह किया। व्यापारियों ने कचरा वाहन के नियमित रूप से नहीं आने की समस्या बताई, जिस पर पार्षद राहुल प्रधान ने तत्काल वाहन प्रभारी से चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नगर पालिका ने सभी नागरिकों एवं व्यापारियों से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ इटारसी के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।







