
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केन्द्रीय जेल में परिरूद्ध बंदियों के परिजन उनसे कर सकेंगे विशेष खुली मुलाकात.
नर्मदापुरम// मनीष जायसवाल
रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर केन्द्रीय जेल नर्मदापुरम में परिरूद्ध बंदियों के परिजनों उनसे विषेश खुली मुलाकात कर सकेंगे। अधीक्षक केन्द्रीय जेल नर्मदापुरम ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन जेल विभाग मंत्रालय भोपाल के जेलों में परिरूद्ध बंदियों के विशेष मुलाकात के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी गई। जेल विभाग के प्रशासकीय स्वीकृति के अनुक्रम में रक्षाबंधन पर्व पर 19 अगस्त सोमवार को जेल के परिरुद्ध पुरुष बंदियों के महिला परिजनों एवं बहनों के द्वारा तथा जेल के परिरूद्ध महिला बंदियों को उनके भाईयों को राखी बांधने की व्यवस्था जेल सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखते हुये, सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।
अधीक्षक केन्द्रीय जेल नर्मदापुरम ने विशेष मुलाकात के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए है कि मुलाकात के लिए रक्षाबंधन के दिन परिजनों के नाम प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक लिखे जाएंगे। इसके पश्चात मुलाकात के लिए अनुरोध स्वीकार नही किया जाएगा। जेल में परिरूद्ध पुरुष बंदियों की मुलाकात केवल बंदियों के महिला परिजनों एवं बहनो से मुलाकात करवाई जाएगी। जेल में परिरूद्ध महिला बंदियों से मुलाकात के लिए आये उनके भाई की मुलाकात दोपहर 12 बजे के बाद कार्यालय परिसर में करवाई जाएगी।
उन्होने निर्देश दिए कि विशेष मुलाकात में प्रतिबंधित सामग्री जैसे- रूपये पैसे, मोबाईल, बैग कोई भी मादक पदार्थ इत्यादि लेकर आना निषेध है। बंदियों के महिला परिजन एवं बहनें अपने साथ केवल राखी (रक्षासूत्र) एवं रूमाल ही साथ ला सकती है। केवल जेल कन्टीन से मिलने वाली रक्षाबंधन की विशेष सामग्री किट (मिठाई, फल एवं नारियल) ही स्वीकार की जाएगी, जो जेल केन्टीन से मूल्य 100/- रूपये भुगतान कर प्राप्त की जा सकती है।








