
अब पटवारी राजस्व के काम छोड़ घर-घर दीपक जलाएंगे, सरकार प्रशासन चला रही है या इवेंट?” — रमेश के साहू अधिवक्ता.
इटारसी// मनीष जायसवाल
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व स्टार प्रचारक और सचिव रमेश के साहू एडवोकेट ने सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत पटवारियों को हितग्राहियों के घर जाकर दीपक जलवाने संबंधी आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों से उनके मूल दायित्वों के बजाय प्रचारात्मक गतिविधियां कराने में लगी है।
साहू ने कहा, “प्रदेश की जनता राजस्व विभाग से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, नक्शा-खसरा और अन्य राजस्व कार्यों के लिए परेशान रहती है क्योंकि
पटवारियों के पास पहले ही कामों का भारी दबाव है, अब सरकार उनसे घर-घर जाकर दीपक भी जलवाएगी। सरकार बताए—यह प्रशासन है या इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ?”
श्री साहू ने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके लिए सरकारी कर्मचारियों को प्रचार वाले आयोजनों में लगाने के बजाय जनता के लंबित काम समय पर पूरे कराए जाने चाहिए।
एडवोकेट रमेश के साहू ने कहा कि दीपक जलाने से ज्यादा जरूरी आम आदमी की समस्याओं के समाधान का दीपक जलाना है। सरकार प्रचार से ज्यादा जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था पर ध्यान दे।







