
बाजार क्षेत्र के 13 वीं लाइन में बन रही इटारसी की आदर्श सीसी रोड, विधायक और नपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण —- 30 लाख रुपये की लागत से 130 मीटर लंबी और 40 फीट चौड़ी रोड एवं आर सी सी नाली का हो रहा निर्माण,.
इटारसी।// मनीष जायसवाल
शहर के बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत वार्ड 31 में 13वीं लाइन में निर्माणाधीन सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और सड़क को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्वरूप देने के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।
बाजार क्षेत्र की यह सड़क शहर की सबसे चौड़ी सड़कों में शामिल होने के साथ ही एक आदर्श सड़क के रूप में विकसित की जा रही है। करीब 130 मीटर लंबी और 40 फीट चौड़ी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना में सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण भी शामिल है, जिससे आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने और बाजार की व्यवस्थाओं में सुधार आने की उम्मीद है। पूर्व में यहां अतिक्रमण होने से 20 फिट की रोड थी जो अव्यवस्था का कारण थी.
पार्षद मनीषा आशुतोष अग्रवाल के आग्रह पर नागरिकों ने स्वयं आगे आकर हटाया अतिक्रमण
नागरिकों की इस सहयोग से सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकी, जिससे आवागमन को सुगम बनाने और नालियों के माध्यम से पानी की निकासी की बेहतर व्यवस्था विकसित करने का रास्ता साफ हुआ।
जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों के इस सहयोग को शहर के विकास में जनभागीदारी का सकारात्मक उदाहरण बताया।
जनसहयोग से ही संभव है शहर का व्यवस्थित विकास ///विधायक
निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि नगर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका के प्रयासों के साथ नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। बाजार क्षेत्र की 13वीं लाइन में नागरिकों ने प्रशासन के साथ मिलकर जिस तरह अतिक्रमण हटाने में सहयोग दिया, उससे एक आदर्श सड़क के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। जनसहयोग से ही ऐसे विकास कार्यों को बेहतर स्वरूप दिया जा सकता है, जिनका लाभ लंबे समय तक आम नागरिकों और व्यापारियों को मिलता है।
उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य शुरू कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार शहर को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने विकास कार्यों में जनभागीदारी को इसी तरह बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
व्यापारियों और रहवासियों को मिलेगी बड़ी राहत // नपाध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि बाजार क्षेत्र की 13वीं लाइन व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां चौड़ी सीसी रोड और दोनों ओर नालियों का निर्माण होने से स्थानीय निवासियों के साथ व्यापारियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी। सड़क व्यवस्थित होने से आवागमन सुगम होगा और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था से क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जनहित के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बाजार क्षेत्र के निर्वाचित पार्षद भी क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सजग रहते हैं। जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और नागरिकों के आपसी समन्वय से ही शहर को बेहतर बनाया जा सकता है।
निर्माण की सुरक्षा और रखरखाव में नागरिक भी निभाएं जिम्मेदारी
नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क और नालियों की सुरक्षा एवं रखरखाव में सहयोग करें। सड़क के उपयोग और रखरखाव से जुड़े आवश्यक नियमों का पालन करें तथा नालियों में कचरा न डालें, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों की उपयोगिता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
रोड और नाली बनने के दौरान अभी दोनों और बेरीकैड लगाकर आवागमन बंद किया गया है जो निर्माण होने के बाद 10 दिन और बंद रहेगा.
निरीक्षण के दौरान पार्षद मनीषा अग्रवाल, जयकिशोर चौधरी, पार्षद प्रतिनिधि आशुतोष अग्रवाल, राजा तिवारी, राहुल प्रधान सहित क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।







