
पिपरिया एवं बनखेड़ी विकास खंडों कि समस्त ग्राम पंचायत में लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए,बारिश पूर्व नाली निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें – सांसद श्री चौधरी.
इटारसी//नर्मदापुरम
मनीष जायसवाल
होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री Darshan Singh Choudhary की अध्यक्षता में गत दिवस जनपद पंचायत पिपरिया के सभाकक्ष में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद श्री चौधरी ने विकासखंड पिपरिया एवं बनखेड़ी में प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पिपरिया एवं बनखेड़ी को निर्देशित किया है कि समस्त ग्राम पंचायत में लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें विशेष तौर पर बारिश पूर्व नाली निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें।
सांसद श्री चौधरी द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा की गई उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नल जल योजना के लिए ग्रामों में सड़को के बीच में या कोने से खुदाई कार्य होने के कारण जो सड़के क्षतिग्रस्त होती है उनका समय पर मरम्मतीकरण किया जाए। उन्होंने खुदाई कार्य पूर्ण होने पर संबंधित सड़को की मरम्मत न किये जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा है कि एक ग्राम को मॉडल के रूप में तैयार करें। सभी ग्रामों की नलजल योजनाओं में जो वाल्ब कार्य नहीं कर रहे है उन्हें तत्काल बदला जावे।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सांसद श्री चौधरी ने कहा है कि अनुभाग पिपरिया अंतर्गत ग्रामों में जहां सर्विस स्टेशन स्वीकृत है उनका निर्माण कार्य शीर्घ आरंभ कराया जाए। जहां भूमि की उपलब्धता नहीं है वहां जनप्रतिनिधि से संपर्क कर भूमि दान लेने की प्रक्रिया कराकर सर्विस स्टेशन का कार्य पूर्ण करावें। जिससे ट्रांसफार्मर जलने की समस्या कम से कम हो तथा किसानों को बिजली पर्याप्त मात्रा में मिल सके। उन्हानें ग्रामों में ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर जलने की समस्या के संबंध में अधिकारियों का निर्देशित किया है कि ऐसे ट्रांसफार्मर को 3 दिवस के अंदर बदलने की व्यवस्था एवं आवश्यक संख्या में ट्रांसफार्मर की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रयोगिक तौर कुछ भूमि पर पर उन्नत कृषि का मॉडल तैयार करें एवं उसकी पैदावार एवं लागत तथा उससे होने वाले लाभों से किसानों अवगत कराये जिससे अन्य किसान भी अच्छी से अच्छी तकनीक का प्रयोग करके कृषि लाभ प्राप्त कर सकें। कैंप आयोजित कर नैनो डीएपी यूरिया का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिये किसानों को प्रेरित करें। किसानों को वितरण के लिए पर्याप्त रूप से डीएपी की उपलब्धता भी सुनिश्चित करें। प्राकृतिक खाद्य का उपयोग करने के प्रोत्साहित किया जावे।
सांसद श्री चौधरी ने कहा है कि बांसखेडा के ब्रिज के बाद का रोड शीघ्र ठीक किया जाए। पचुआ से पुनौर मार्ग निर्माण कार्य भी बारिश से पहले पूर्ण किया जाए। जितने भी रोड निर्माण कार्य चल रहे है उनमें तेजी लाकर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। खापरखेडा से चांदौन मार्ग जहां भी क्षतिग्रस्त है उससे भी दुरुस्त किया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सी०एम०राईज विद्यालय पिपरिया में सत्र 2024-25 में किसी भी छात्र/छात्रा को प्रवेश से वंचित न किया जावे। विधानसभा क्षेत्र के शत-प्रतिशत बच्चों को प्रवेश दिया जाना सुनिश्चित करें।








